जानकारी डेस्क /मोतिहारी /पूर्वी चम्पारण।
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण जिला प्रशासन ने निजी विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे छात्रों एवं अभिभावकों को यूनिफॉर्म, जूते, टाई, बेल्ट, पाठ्य-पुस्तक, कॉपियां या अन्य स्टेशनरी सामग्री किसी एक ही दुकान या चिन्हित विक्रेता से खरीदने के लिए बाध्य नहीं करेंगे। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में जिले के 300 से अधिक निजी विद्यालय संचालकों और प्राचार्यों के साथ बैठक कर छात्र हित में कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
वेबसाइट पर अपलोड होगी किताब और यूनिफॉर्म की सूची :
जिलाधिकारी ने बताया कि 23 जनवरी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का सख्ती से अनुपालन किया जाए। सभी निजी विद्यालय 10 फरवरी 2026 से पहले प्रत्येक कक्षा की अनिवार्य पुस्तकों की सूची एवं यूनिफॉर्म का पूरा विवरण विद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे तथा विद्यालय परिसर में सार्वजनिक स्थान पर चस्पा करेंगे। उन्होंने री-एडमिशन एवं डेवलपमेंट चार्ज समाप्त करने पर भी विद्यालय प्रबंधन से गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।
अभिभावकों को स्वतंत्रता, तय मानक के अनुसार कहीं से भी खरीदें सामग्री :
जिलाधिकारी ने कहा कि अभिभावकों को यह पूर्ण स्वतंत्रता है कि वे निर्धारित मापदंडों के अनुसार किसी भी दुकान से सामग्री खरीद सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाएगा।
ज्ञानदीप पोर्टल से नामांकित छात्रों का दाखिला अनिवार्य :
बैठक में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत ज्ञानदीप पोर्टल से आवंटित छात्रों का हर हाल में नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार इन छात्रों की फीस की प्रतिपूर्ति विद्यालयों को करती है, इसलिए सभी स्कूल समय पर पोर्टल पर छात्रों का डेटाबेस अपलोड करें ताकि भुगतान में देरी न हो। ज्ञानदीप पोर्टल से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण और हेल्प डेस्क का आयोजन जल्द ही मोतिहारी के महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में किया जाएगा, जिसमें स्कूल अपने आईटी असिस्टेंट को भेज सकते हैं।
स्कूलों में लगेगा आधार कैंप, लंबित आपार आईडी जल्द बनेंगी :
विद्यालय प्रबंधन द्वारा आधार कार्ड संबंधी सवाल उठाने पर जिलाधिकारी ने बताया कि पोस्ट ऑफिस के माध्यम से स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों का आधार कार्ड बनवाया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि निजी विद्यालयों में बड़ी संख्या में आपार आईडी लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र बनवाने का निर्देश दिया गया है।
उल्लंघन पर करें शिकायत :
जिलाधिकारी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि यदि कोई विद्यालय आदेश का उल्लंघन करता है तो वे तुरंत संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी या जिला शिक्षा पदाधिकारी को सूचना दें।
बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा, आईपीएस अधिकारी हेमंत सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी, डीपीओ समग्र शिक्षा प्रहलाद प्रसाद गुप्ता उपस्थित थे।
ई0 एस0 वर्ल्ड जानकारी ( E. S. WORLD JNANKARI )


